बलरामपुर : बलरामपुर जिले के उतरौला कोतवाली के लालगंज में आज बुधवार को दो बच्चों समेत मां की मौत हुई है। जबकि पिता की हालत बेहद नाजुक बनीं हुई है । उसे सीएचसी लाया गया है। मौत कैसे हुई, इसका अभी तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस अधिकारी मौके पर छानबीन के लिए पहुंचे हैं। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के थाना लहर के बौढ़खरी निवासी मंटोले (42) पुत्र कालीचरन छह साल से उतरौला कस्बे से सटे लालगंज में किराए के मकान में रह रहे थे जहां कस्बे में पानी पूरी का ठेला लगाकर भरण पोषण करते थे।
उनके साथ पत्नी रेखा (38) के अतिरिक्त बेटी लक्ष्मी (11) व बेटा कान्हा (8) रहता था।
सुबह दस बजे के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को कुछ शक हुआ जिस पर पुलिस को सूचित किया गया है। इस पर डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा काटकर खुलवाया। अंदर देखा तो चारों बेसुध पड़े थे। मंटोले की सांस चल रही थी, ऐसे में तुरंत अस्पताल भेजा गया।

