जोशीमठ भू-धसांव के लिए ट्रीटमेंट प्लान तैयार : सतपाल महाराज

देहरादून: उत्तराखंड के जोशीमठ में इमारतों में आ रही दरारों और भूमि धसाव ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इसके ट्रीटमेंट को लेकर शासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार में पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बयान जारी करके कहा कि इस विषय में मैंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से विस्तृत रूप से चर्चा की है और एसडीएम और जिलाधिकारी को दिशा निर्देश दिए हैं।
सतपाल महाराज ने कहा कि जोशीमठ में लगातार हो रहे भूमि धंसाव से अनेक घरों और होटलों में दरारें आने से प्रभावित लोगों को दूसरी जगह पर शिफ्ट किया जा रहा है। जल्दी ही इसके लिए पूरा प्लान बनाकर आगे की कार्यवाही की जाएगी। सतपाल महाराज ने एसडीएम और जिलाधिकारी को निर्देश दिये हैं कि ऐसे मकानों में रहने वालों को पहले फेज में शिफ्ट किया जाए जिनमें दरारें अधिक हैं और बड़े नुक्सान से बचा जा सके।