चारधाम यात्रा पर चलने वाले उत्तराखंड के वाहनों को ग्रीन कार्ड तैयार करवाने में GPS डिवाइस का जरुरी होना फिलहाल हटा दिया गया है। साथ ही परिवहन मंत्री चंदन रामदास ने कहा है कि अगर 31 मई तक वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) नहीं लगवाई तो इसके बाद बनने वाले ट्रिप कार्ड निरस्त हो जाएंगे।केंद्र सरकार के नियमों के तहत राज्य में सार्वजनिक यातायात वाहनों, टैक्सी, मैक्सी, निजी बस आदि में वीएलटीडी लगाना अनिवार्य है।
बुधवार को परिवहन मंत्री चंदन रामदास की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह मुद्दा उठा था, जिसमें परिवहन कारोबारियों ने मांग की थी कि इस बार इस अनिवार्यता से राहत प्रदान की जाए। क्योंकि इस डिवाइस के बिना वाहनों के ग्रीन कार्ड नहीं बनाए जा रहे थे।
परिवहन मंत्री ने इस पर अधिकारियों से चर्चा की है और मंत्री चंदन रामदास ने विधानसभा स्थित कक्ष में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा है कि फिलहाल सभी उत्तराखंड के वाहनों को इस डिवाइस से 31 मई तक के लिए छूट दे दी गई है। मंत्री चंदन रामदास ने बताया है कि ये डिवाइस करीब 20 हज़ार वाहनों में लगेगी।

