गोरखपुर: आज गोरखपुर में कई बड़ी योजनाओं का उद्घाटन करने पहुंचे देश के पीएम मोदी के कार्यक्रम में जुटी भीड़ को देखकर पीएम अभिभूत हो गए और बोले कि जब मैं मंच पर आया तो मैंने सोचा कि ये भीड़ है, लेकिन जब मैंने दूसरी तरफ देखा तो इतने दूर तक लोग फैले हुए हैं और झंडे हिला रहे हैं कि कुछ कह भी नहीं सकता। आपका प्यार और आशीर्वाद आपके लिए दिन रात काम करने की प्रेरणा देते हैं। पहले मैं 2016 में शिलान्यास करने आया था अब इनके लोकार्पण का भी सौभाग्य आपने मुझे दिया। आज आईसीएमआर के रीजनल सेंटर को भी अपनी बिल्डिंग मिली। साथियों गोरखपुर में फर्टिलाइजर प्लांट और एम्स का शुरू होना कई संदेश दे रही है।
अपनी सरकार की उपलब्धियों पर बोले पीएम -हमने तीन सूत्रीय कार्य किया है जिसमें यूरिया की शत प्रतिशत नीम कोटिंग की और दुरुपयोग रोका। दूसरा लोगों को यूरिया के कार्ड दिए ताकि पता चले कि किस खेत को कैसे खाद की जरूरत है। तीसरा हमने यूरिया उत्पादन बढ़ाया। बंद पड़ चुके कारखानों को हम खोल रहे हैं। एक शुरू हो गया है बाकी अन्य भी आने वाले सालों में भी खुल जाएंगे। जिस तरह से भगीरथ जी गंगा को लेकर आए थे उसी तरह इस खाद कारखाने तक ईंधन को पहुंचाने के लिए ऊर्जा गंगा को लाया गया है। हल्दिया से गोरखपुर तक गैस पाइपलाइन बिछाई गई है। पूर्वांचल में अनेक नए बिजनेस शुरू होंगे।
भाजपा सरकार को बोले डबल इंजन की सरकार –
पीएम ने कहा कि जब डबल इंजन की सरकार होती है तो दोगुनी तेजी से काम होता है, आपदाएं भी अवरोध नहीं पैदा कर पातीं। तब परिश्रम भी होता है और परिणाम भी निकलता है। गोरखपुर का आज का आयोजन इस बात का भी सबूत है कि जब नया भारत ठान लेता है तो इसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है।

