पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इजराइली स्पाइवेयर पेगासस Pegasus के जरिये नेताओं, अधिकारियों और पत्रकारों की जासूसी कराए जाने के आरोपों की पड़ताल के लिए दो सदस्यीय जांच आयोग गठित किया है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश ज्योतिर्मय भट्टाचार्य और उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मदन भीमराव लोकुर इस आयोग के सदस्य हैं।
बनर्जी ने इस बारे में कहा, ‘हमें लगा था कि फोन हैक किए जाने की जांच के लिए केंद्र कोई जांच आयोग गठित करेगा या अदालत की निगरानी में जांच का आदेश दिया जाएगा, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही… इसलिए हमने इस मामले की पड़ताल के लिए जांच आयोग गठित करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, आयोग अवैध रूप से फोन हैक करने के मामले संबंधी पूरी जानकारी का पता लगाएगा।

