उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का कार्यभार संभाला। चकराता के विधायक सिंह ने इंदिरा हृदएश की जगह ली है, जिनका पिछले महीने निधन हो गया था।
पद संभालने के बाद सिंह ने कहा कि कांग्रेस 2022 में उत्तराखंड में सत्ता में आने वाली है। लोग तथाकथित डबल इंजन की सरकार से निराश हैं और वे बदलाव चाहते हैं। साढे चार साल में तीन मुख्यमंत्री और उनमें से एक को तो केवल चार माह में ही पद छोड़ना पड़ा। दो रावतों (त्रिवेंद्र और तीरथ) ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता के कारण विकास को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा, अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है, जबकि जरूरी सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं।
यह पूछे जाने पर कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में क्या वह कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे, सिंह ने कहा कि पार्टी में काबिल नेताओं की कमी नहीं है और चुनावों के बाद पार्टी हाइकमान जिसे भी इस काम के लिए चुनेगा, उसे हरेक का समर्थन मिलेगा।
उत्तराखंड: प्रीतम ने संभाला नेता प्रतिपक्ष का पद

