थाना मुनिकीरेती अंदर आने वाले नीमबीच पर जन्मदिन मनाने आए चार दोस्तों का ये अंतिम आयोजन रहा क्यूंकि पार्टी मनाने आए अमितग्राम गुमानीवाला के तीन किशोर गंगा में बह गए। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना तुरंत थाना मुनि की रेती पुलिस दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ ढालवाला की मदद से गंगा में रेस्क्यू अ चलाया लेकिन किशोरों का कहीं कुछ पता नहीं चल सका है।थाना मुनिकीरेती पुलिस ने कहा कि शनिवार को गुमानीवाला से आठ किशोर नीमबीच पर जन्म दिवस सेलिब्रेट करने पहुंचे थे।
कार्यक्रम के बाद आर्यन बंगवाल (16) पुत्र वीरेंद्र बंगवाल, वत्सल बिष्ट (17) पुत्र महेंद्र बिष्ट, प्रतीक मलेठा (16) पुत्र राकेश चंद्र निवासी गली नंबर 28 गुमानीवाला ऋषिकेश गंगा में उतरे। गंगा का बहाव तेज होने के कारण एक किशोर गंगा में बहने लगा, साथी को गंगा में बहता देख दूसरे और तीसरे किशोर ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन तीनों के तीनों किशोर गंगा की तेज धाराओं में ओझल हो गए। किशोर के डूबने की सूचना मिलते ही परिजन नीम बीच पहुंचे। किशोरों के परिवार में कोहराम मच गया है।

