बजट से आम जनता निराश,शेयर मार्केट में हुआ सुधार

मुंबई : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आज 2022-23 के लिए आम बजट पेश कर दिया है। लेकिन इस बजट से आम आदमी को कुछ खास राहत नहीं मिली है। इसके साथ ही घरेलू शेयर बाजार भी नीचे गिर गया। लेकिन कुछ देर बाद फिर ऊपर चढ़ गया। इस बार के बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सरकार के विशेष जोर देने से इस सेक्टर की कंपनियों के शेयर में जरूर बढ़त दर्ज की गई है। लेकिन सेंसेक्स और निफ्टी में कोई खास बढ़ोत्तरी नहीं हुई। अभी ये करीब 343.97 अंक की बढ़त के साथ 58,358.14 के आसपास बना हुआ है।

वित्त मंत्री के बजट भाषण शुरू करने के बाद मध्य सत्र में सेंसेक्स 800 अंक से ज़्यादा चढ़ा। सेंसेक्स के साथ ही निफ्टी में भी तेज़ी देखी गई।और सेंसेक्स 842.07 अंक बढ़कर 58,856.24 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 165.50 अंक की तेजी के साथ 17,505.35 अंक पर था। सेंसेक्स में सबसे अधिक 5.30 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी सन फार्मा में देखने को मिली। वित्त मंत्री के इस बजट में राहत की उम्मीद में मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार कभी ऊपर कभी नीचे गोते लगा रहा था। बाजार खुलने के साथ शुरुआती कारोबार में बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 582.85 अंकों की बढ़त के साथ 58,597.02 अंक पर खुला। इसके साथ ही, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 156.20 अंकों की बढ़त के साथ 17,496.05 अंक पर पहुंच गया।