तमिलनाडु के दक्षिणी जिले इन दिनों बाढ़ से जूझ रहे हैं। यहां इन जिलों में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश जारी है। इससे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मीडिया ख़बरों के मुताबिक़, तमिलनाडु में बारिश और बाढ़ के चलते पैदा हुए हालातों में तीन लोगों की मौत हुई है। तमिलनाडु के थुटुकुडी जिले में कई जगहों पर रविवार को 525 मिमी बारिश हुई है।
इसके चलते थुटुकुडी में बाढ़ से आम जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त है। मौसम विभाग के ताजा खबर के अनुसार, बाढ़ से जूझ रहे लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। वायुसेना के हेलीकॉप्टर से खाने के पैकेट और अन्य जरूरी सामान दिया जा रहा है। जिन जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, उनमें पुडुकोट्टई, तंजावुर, थिरुवर, नागापत्तिनम, रामानाथपुरम और शिवगंगाई शामिल हैं। वहीं थेनी, तेनकासी, कन्याकुमारी, थिरुनेलवेली, थुटुकुडी, विरुद्धनगर जिलों में हल्की बारिश होने की सम्भावना है। कई स्टेशनों पर पानी भर गया है। वहीं ट्रेन सेवाएं बाधित होने और भारी बारिश की वजह से थिरुचेंदुर और तिरुनेलवेली स्टेशन के बीच चलने वाली एक ट्रेन में 800 यात्री फंस गए हैं, जिन्हें स्थानीय जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की मदद से सुरक्षित जगहों पर ले जाने की तैयारी की जा रही है।

