पटना : पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का निधन होने के बाद कई बड़ी हस्तियों ने शोक सन्देश लिखे हैं जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत देश के सभी वरीय नेताओं ने शोक जताया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने उनके निधन पर कहा है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री व सांसद सुशील कुमार मोदी के अचानक निधन से अत्यंत दुःख हुआ। इस समय हम सब की भावना उनके परिवार तथा असंख्य मित्र-प्रशंसकों के साथ है। संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री रहे सुशील जी सारे देश विशेषतः बिहार की चिंता करते थे। उनके निधन से एक जागृत सामाजिक कार्यकर्ता व कुशल राजनीतिक नेता को हमने खोया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शाम पांच बजे पटना आयेंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मोदी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। और उन्हें श्रद्धांजलि दी। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री श्रीमान सुशील मोदी जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। छात्र राजनीति से सक्रिय राजनीति तक उन्होंने लंबा सफर तय किया और सभी भूमिकाओं में उल्लेखनीय कार्य किया। आज दिल्ली से पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पार्थिव शरीर दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेगा। पटना एयरपोर्ट से सीधे राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास पर लाया जाएगा। यहां पर अंतिम संस्कार होगा। इसमें सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम समेत कई वरीय नेता शामिल होंगे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का निधन, राष्ट्रपति समेत दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

