अखिलेश की चिट्ठी पर बौखलाए शिवपाल,कही ये बात

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 19 सितंबर से शुरू हो रहा है। इस बार का सत्र काफी हंगामेदार हो सकता है। यूपी विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी तैयारी तेज कर दी है। उन्होंने सत्र को देखते हुए एक पत्र विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को लिखा है। उसमें उन्होंने पार्टी से नाराज चल रहे इटावा की जसवंतनगर सीट से विधायक चाचा शिवपाल यादव के लिए अग्रिम पंक्ति की सीट मांगी थी। इसे लेकर काफी सियासी उधेड़बुन चल ही रहे थे कि अब चाचा शिवपाल ने भतीजे अखिलेश के पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है।
मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव द्वारा कुर्सी को लेकर लिखी गई चिट्ठी पर कहा, ‘मुझे चिट्ठी के बारे में कुछ पता नहीं है. विधानसभा में तो मेरी कुर्सी पहले से ही एलॉट है। मुझे तो उस पर ही बैठना है। विधानसभा अध्यक्ष ने मुझको कुर्सी एलॉट की है.’ एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘यदि अखिलेश यादव को इतनी ही फिक्र थी और कुर्सी के बारे में पहले ही बात करनी थी. कुर्सी के लिए अब बात करने से क्या फायदा.’
बता दें कि शिवपाल सिंह यादव और उनके भतीजे अखिलेश यादव के बीच काफी दूरियां आ गई है। बीते दिनों चाचा शिवपाल ने भतीजे अखिलेश यादव पर पार्टी के पुराने नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया था।