नहीं रहे वरिष्ठ टीवी पत्रकार विनोद दुआ , दिल्ली के अपोलो अस्पताल में ली आखिरी सांस

नई दिल्‍ली : वरिष्ठ टीवी पत्रकार विनोद दुआ का आज निधन हो गया है। वह 67 साल के थे। उनकी बेटी मल्लिका ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मल्लिका ने ट्वीट में लिखा, ‘पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है। वह जीवन में हमेशा निडर और असाधारण रहे। उनकी जिंदगी बहुत अनूठी रही है। रेफ्यूजी कैम्प से लेकर दिल्‍ली तक उन्‍होंने 42 साल के दौरान पत्रकारिता के उच्‍चतम पैमानों को छुआ। बेबाकी से अपनी बात कही। वह अब मेरी माँ और अपनी पत्‍नी चिन्‍ना के पास पहुंच गए हैं। स्‍वर्ग में भी शायद वे एक-दूसरे का सहारा बनें।


बेटी मल्लिका ने बताया कि कल रविवार को दोपहर 12 बजे लोधी श्मशान गृह में उनका अंतिम संस्‍कार होगा। पापा और मम्मी को इसी साल अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर में कोविड पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मल्लिका की माँ डॉक्टर पद्मावती का जून 2021 में कोरोना के चलते निधन हो गया था। और विनोद दुआ की हालत में भी कोई सुधार नहीं हो रहा था । और उन्हें बार बार अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा था। उनके लीवर में संक्रमण के चलते उन्हें पहले परमानन्द अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था , जिसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनोद ने दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों में अपनी सेवाएं दी। और पत्रकारिता जगत के वे एक सम्मानित और जाने माने चेहरे थे।