नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर पर राष्ट्रीय
राजधानी ने नियंत्रण पा लिया है। उन्होंने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समयोचित कार्रवाई और सक्रिय निर्णय के कारण संभव हो सका है।
दिल्ली सरकार ने बुधवार को जारी ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा है कि राजधानी में संक्रमण के 77 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमण दर 0.10 प्रतिशत है जबकि महामारी के कारण एक और व्यक्ति की मौत हुई है।
भयावह थी दूसरी लहर
गौरतलब है कि दिल्ली को कोविड-19 की दूसरी लहर का सामना करना पड़ा जिस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी।
संक्रमितों की संख्या में हुई बढ़ोत्तरी के कारण मेडिकल ऑक्सीजन के सिलेंडरों की कमी हो गई थी। दिल्ली में 20 अप्रैल को संक्रमण के 28,395 मामले सामने आए थे।
22 अप्रैल को संक्रमण दर 36.2 प्रतिशत थी और तीन मई को 448 लोगों की इससे मौत हुई थी, जो एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा है। मध्य मई से संक्रमण के मामलों में कमी आनी शुरू हो गई थी और अब संक्रमण दर एक प्रतिशत से कम है।

