उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर राज्य से जुड़ी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
एक हफ्ते में दूसरी बार दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से विशेष अनुरोध किया कि सामरिक उद्देश्य और सीमांत जिलों के तेज विकास के लिए टनकपुर बागेश्वर रेलवे लाइन का ब्राडॅगेज सर्वे किया जाए।
सीएम ने इसके फाइनल लोकेशन सर्वे की स्वीकृति की मांग की, साथ ही ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन बनवाने का भी अनुरोध किया।
धामी ने रेल मंत्री से हरिद्वार-देहरादून रेलवे लाइन का दोहरीकरण के लिए 1024 करोड़ रुपए की डीपीआर के साथ ही डोईवाला से ऋषिकेश के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायवाला रेलवे स्टेशन पर डायवर्जन लाइन के लिए तत्काल आधार पर स्वीकृति मांगी। रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन दोनों प्रस्तावों पर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
-राज्य के विकास एवं निवेश के लिए रेल मंत्री से मांगी मदद
-हरिद्वार-देहरादून रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए धनराशि शीघ्र मिलने का आश्वासन
-डोईवाला से ऋषिकेश के लिए सीधी रेल सुविधा जल्द-से-जल्द शुरू होगी
इस मुलाकात में सीएम ने सुझाव दिया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के लिए तैयार किए जा रहे ढांचागत सुविधाएं विकसित करने में सौर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर विचार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने धामपुर काशीपुर (वाया जसपुर) रेल लाइन के निर्माण और दिल्ली से रामनगर के लिए कॉर्बेट इको-एक्सप्रेस के लिए भी जल्द स्वीकृति मांगी।
सीएम ने रेलमंत्री से अनुरोध किया कि रुड़की देवबंद परियोजना के अवशेष कार्यों का वित्त पोषण रेल मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश द्वारा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन प्रधानमंत्री की उत्तराखंड को बड़ी देन है।

