हरिद्वार। हरिद्वार से समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी सरिता अग्रवाल को चुना है। सरिता अग्रवाल के कार्यालय का आज हरिद्वार में उद्घाटन किया गया। जहां भारी संख्या में लोग इकठ्ठा हुए। उन्होंने हरिद्वार के 20 साल के विकास पर बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को भारी मतों से विधायक चुनें। आयोजन में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी में सभी वर्ग का विकास होता आया है। जबकि भाजपा और कांग्रेस केवल ठेकेदारों के लिए सोचती आई है। आज हरिद्वार में ललतारौ पुल पर समाजवादी पार्टी के कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस दौरान समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने देशहित में काम किए है। व्यापार हित हो या किसानों से लेकर सेना के जवानों के हित में सबसे ज्यादा काम किया।
समाजवाद से हर कोई व्यक्ति खुश है। सपा के विकास कार्यों का उदाहरण उत्तर प्रदेश में मिलता है। लेकिन भाजपा की सरकार ने केवल विनाश करते हुए जनता को आपस में भिड़ाने का काम किया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ राजेन्द्र पाराशर ने कहा कि हरिद्वार विधानसभा में 20 सालों से भाजपा के विधायक है, लेकिन विकास के बजाय विनाश की पटकथा लिखी गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मशकुर क़ुरैशी, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव लव दत्ता, समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव श्रवण शंखधार ने कहा कि समाजवादी पार्टी के विकास का विजन है। प्रदेश में पर्यटन के साथ व्यापार हित में अनेक निर्णय लिए गए। जिससे आज आमजन खुश है।
प्रत्याशी सरिता बोलीं-हरिद्वार विधानसभा से प्रत्याशी सरिता अग्रवाल ने कहा कि हरिद्वार में 20 साल से विकास ठप है। कुछ कार्य पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल में हुए, लेकिन इसके बाद सभी ने प्रदेश को लूटने का काम किया। हरिद्वार की अस्मिता से छेड़छाड़ करते हुए जनता को नशे की गर्त में धकेलने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस बार समाजवादी पार्टी पर विश्वास जताओं और फिर विकास कार्य होंगे। कार्यों में कमीशन खोरी नहीं होगी। शिक्षा, चिकित्सा के साथ मूलभूत सुविधाओं पर जोर रहेगा।

