धर्मनगरी में हरिद्वार में कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। देहरादून-दिल्ली हाईवे डाक कांवड़ियों के वाहनों से भर गया है। हरकी पैड़ी से लेकर आसपास के बाजार और पूरा इलाका वाहनों और पैदल कांवड़ियों से भर गया है। आज डाक कांवड़ के दूसरे दिन लाखों कांवड़ियों की भीड़ के आगे पुलिस की सभी तैयारियां थप सी दिख रही हैं। हाईवे से लेकर शहर के अंदर डाक कांवड़ियों का राज सा हो गया है।
लक्सर की तरफ से बैरागी कैंप पहुंच रहे डाक कांवड़ियों के वाहन शंकराचार्य चौक की तरफ से हाईवे पर निकाले जा रहे हैं। दुपहिया वाहनों पर आने वाले डाक कांवड़िये कांवड़ पटरी और शहर के अंदर से गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे हैं।सिंहद्वार, गुरुकुल कांगड़ी विवि के पास फ्लाईओवर, ज्वालापुर से लेकर बहादराबाद तक हाईवे डाक कांवड़ियों के वाहनों से पूरा पैक हो चुका है। ट्रक-ट्रैक्टर ट्राली और दुपहिया वाहनों के साथ ही कांवड़िए पैदल गंगाजल लेकर हाईवे से दौड़ते हुए गंतव्य की ओर से निकल रहे हैं।कृष्णानगर, जगजीतपुर, भगतवंतपुरम, अभिषेकनगर, संदेशनगर, गुरु बख्श बिहार, हनुमंत पुरम, मिश्रा गार्डन, ऋषिकुल आदि क्षेत्रों में डाक कांवड़ियों के वाहन खड़े हुए हैं।

