पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत,लाल किले हिंसा मामलें में थे आरोपी

सोनीपत : पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की हरियाणा में सोनीपत के पास एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दीप सिद्धू को पहले 2021 के लाल किला हिंसा मामले में एक आरोपी के रूप में नामित किया गया था। डीप सिद्धू की मौत की पुष्टि सोनीपत पुलिस ने की है।पंजाबी फिल्मों के अभिनेता दीप सिद्धू की मौत से सभी सकते में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दीप सिद्धू अपने कुछ दोस्तों के साथ दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे।और इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर पिपली टोल के पास खड़े ट्रक से दीप सिद्धू की कार टकरा गई जिससे मौके पर ही अभिनेता दीप सिद्धू की मौत हो गई।


पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने दीप सिद्धू के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता दीप सिद्धू के आकस्मिक निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।बता दें कि पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू किसान आंदोलन के समय चर्चा में आए थे। उन्होंने किसान आंदोलन में भी काफ़ी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था। दीप सिद्धू दिल्ली के लाल किले में हुए हिंसा के मामले में भी आरोपी थे जिसके बाद उनके ऊपर केस भी दर्ज हुआ था। लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।