चंडीगढ़: आज सुबह से ही पंजाब में भी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। राज्य के 117 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से लोग भारी संख्या में मतदान कार्नेज पहुँच रहे हैं। राज्य के 2.14 करोड़ मतदाता कुल 1304 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद करेंगे।
इसी कड़ी में बहुचर्चित चेहरों और हस्तियों की बात करें तो सुबह प्रकाश सिंह बादल ने अपने बेटे सुखबीर बादल और बहू हरसिमरत कौर बादल ने गांव बादल के सरकारी प्राइमरी स्कूल में बूथ नंबर 125 पर मतदान किया है। मोहाली के तीनों विधानसभा हलकों में डेराबस्सी के मतदाता मतदान करने में सबसे आगे हैं। अब तक डेराबस्सी में 17.59 फीसदी मतदान हो चुका है।
जबकि मोहाली में 11 फीसदी और पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के गृह क्षेत्र खरड़ में 10.2 फीसदी मतदान हुआ है। सीएम चन्नी के बड़े भाई ने खरड़ में मतदान किया। वहीं उनके भाई और बस्सी पठाना से निर्दलीय उम्मीदवार मनोहर लाल ने भी खरड़ में मतदान किया।
पंजाब में पहले तीन घंटे में 17.77 फीसदी वोटिंग हुई है। इसमें मुक्तसर में सबसे ज्यादा 23.34% वोट पड़े हैं, जबकि पठानकोट में सबसे कम 12.44% मतदान हुआ है। नवजोत सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर के स्वामी विवेकानंद कॉलेज में वोट डाला।

