प्रशांत किशोर ने ठुकराया कांग्रेस का ऑफर,जानिए क्या है मामला

नई दिल्ली : चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस में शामिल होने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को जितनी मेरी जरूरत है, उससे ज्यादा नेतृत्व की जरूरत है। प्रशांत किशोर ने कहा है कि कांग्रेस में परिवर्तनकारी सुधारों की जरूरत है। उन्होंने ईएजी और चुनावों की जिम्मेदारी लेने से इंकार करते हुए कहा कि कांग्रेस में संरचनात्मक सुधार जरूरी है. मंगलवार को प्रशांत किशोर ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। इससे पहले रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि प्रशांत किशोर के साथ बातचीत करने और उनका प्रेजेंटेशन देखने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ईएजी 2024 का गठन किया और उन्हें कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। साथ ही उन्हें इम्पावर्ड एक्शन ग्रुप 2024 से भी जुड़ने का प्रस्ताव दिया। लेकिन प्रशांत किशोर ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. कांग्रेस को सलाह देने के लिए पार्टी ने प्रशांत किशोर का धन्यवाद किया।
इसके बाद प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया कि मैंने कांग्रेस पार्टी के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसमें मुझसे पार्टी में शामिल होने के लिए कहा गया था. साथ ही ईएजी का हिस्सा बनने और चुनावों की जिम्मेदारी लेने से भी मैंने इंकार कर दिया है. मेरी राय में पार्टी को मुझसे ज्यादा मजबूत नेतृत्व और सामूहिक इच्छाशक्ति और परिवर्तनकारी सुधारों की जरूरत है।