लखनऊ : प्रियंका गांधी को आज धारा-144 के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रियंका पर 151, 107 और 116 के तहत केस दर्ज किये गए है। प्रियंका गांधी को सीतापुर के एक गेस्ट हाउस में रखा गया है। रविवार को लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद प्रियंका गांधी तिकुनिया गांव जाने के लिए निकली थीं। लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
उधर , प्रियंका गांधी की गिरफ्तार परराजनीति गरमाने लगी है।
इस सिलसिले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी लखनऊ पहुंच गए हैं, लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि मैं प्रियंका जी से मिलने के लिए लखनऊ आया था, लेकिन मुझे एयरपोर्ट से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है. मैं पिछले 2 घंटे से इस एयरपोर्ट के फर्श पर बैठा हूं। शायद उत्तर प्रदेश पुलिस मुझे भी गिरफ्तार कर ले। उन्होंने यह भी कहा, मैं उनसे अनुरोध कर रहा हूं कि मुझे प्रियंका गांधी से मिलने दें, लेकिन वे कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के मामलें पर कांग्रेस महिला अध्यक्ष ममता चौधरी ने समर्थकों के साथ मिलकर एयरपोर्ट पहुंचकर काफी हंगामा किया। लखनऊ एयरपोर्ट पर कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं का इकट्ठा होना शुरू हो गया है। दूसरी ओर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा , ‘संशय में सत्य की राह पर चलें, नैतिक मूल्यों से कभी समझौता न करें’। शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, लखीमपुर खीरी हिंसा ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है. प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश सरकार ने गिरफ्तार कर लिया है। विपक्षी दलों के नेताओं को किसानों से मिलने से रोका जा रहा है।

