भरतपुर : भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र में आदिबद्री धाम और कनकाचल में हो रहे अवैध खनन के विरोध में साधु-संत आंदोलन पर उतरे हैं। विरोध दिखाने के लिए बुधवार को बड़ी संख्या में साधु-संत जुटे। इस दौरान आंदोलन स्थल पर एक संत ने आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे संत को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।अवैध खनन के विरोध में मंगलवार सुबह बाबा नारायण दास टावर पर चढ़ गए।
जिसके बाद उन्होंने पूरी रात टावर में गुजारी और बाबा नारायण दास को टावर पर ही ग्लूकोज और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचाई गई। वहीं रातभर मौके पर पुलिस जाप्ता तैनात रहा। इसके बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में साधु-संत पासोपा में आंदोलन स्थल पर जुट गए। इसी दौरान सुबह करीब 11.30 बजे एक संत विजयसदास (65) ने धरनास्थल के पीछे जाकर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर खुद को आग लगा डाली।

