नई दिल्ली : आज शुक्रवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त भर्ती के लिए लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र बांटे हैं। उन्होंने सरकारी विभागों और संगठनों में नए भर्ती हुए लोगों के साथ भी वार्तालाप किया।
वर्ष का प्रथम रोजगार मेला
आज इस नियुक्ति पत्र वितरण के समय पीएम मोदी ने कहा कि ये साल 2023 का पहला रोजगार मेला है। वर्ष की शुरूआत उज्जवल भविष्य की नई उम्मीदों के साथ की गई है। मैं सभी युवाओं और उनके परिवारों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ। आने वाले दिनों में लाखों और परिवारों को सरकारी नौकरी में नियुक्ति दी जाएगी। NDA और भाजपा शासित राज्यों में भी रोजगार मेला जारी है ,अब हमारी सरकार की पहचान बन गए हैं। ये दिखाता है कि किस तरह हमारी सरकार जो संकल्प लेती है, उसे करके दिखाती भी है। आप भर्ती प्रक्रिया में जिस पारदर्शिता और रफ्तार को देख रहे हैं वो सरकार के हर काम में दिख रहा है।
इन पदों पर नियुक्ति –देश भर से चयनित युवाओं को भारत सरकार के तहत जूनियर इंजीनियर, लोको पायलट, तकनीशियन, निरीक्षक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, स्टेनोग्राफर, जूनियर एकाउंटेंट, ग्रामीण डाक सेवक, आयकर निरीक्षक, शिक्षक, नर्स, डॉक्टर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, पीए, एमटीएस जैसे विभिन्न पदों पर तैनाती दी जाएगी।

