मुंबई : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को एयर इंडिया का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।अभी कुछ महीनों पहले ही टाटा समूह ने भारत सरकार से एयर इंडिया खरीदी है। एयर इंडिया की बोर्ड मीटिंग में एन चंद्रशेखरन को चेयरमैन नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया था। बोर्ड मीटिंग में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इससे पहले टर्किस एयरलाइंस के चेयरमैन इल्कर आयसी को 1 मार्च को एयर इंडिया का सीईओ नियुक्त करने का प्रस्ताव किया गया था, लेकिन उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से इंकार कर दिया. मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि जेनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन के पूर्व सीएमडी एलिस जीवर्गीज वैद्यन को इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में शामिल किया जायेगा।
अक्टूबर 2016 में उन्हें बोर्ड में शामिल किया गया था. जनवरी 2017 में वह टाटा संस के चेयरमैन बने. चंद्रशेखरन पहले गैर-पारसी व्यक्ति हैं, जो टाटा संस के चेयरमैन बने. टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा पावर और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज समेत कई समूहों का वह नेतृत्व करते हैं। टाटा संस का चेयरमैन बनने के पहले उन्होंने लंबे अरसे तक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में काम किया। टीसीएस में उनकी नियुक्ति उस वक्त हुई थी, जब वह यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करते थे. सीधे यूनिवर्सिटी से वह टीसीएस पहुंचे थे. काम करते-करते उन्होंने ऊंचाईयां हासिल की और कंपनी के सीईओ सह मैनेजिंग डायरेक्टर बने।
एन चंद्रशेखरन बने एयर इंडिया के चेयरमैन

