चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले के पैनगढ़ गांव में आज सुबह भारी भूस्खलन हुआ है। इस भूस्खलन का मलबा तीन घरों पर अचानक आ गया जिससे ये घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। और इसमें अभी तक 4 लोगों के मरने की भी पुष्टि प्रशासन द्वारा की गई है। बताया यह भी जा रहा कि अभी मलबे को हटाने का काम चल रहा है , कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इस दुर्घटना में मारे गए सभी ४ सदस्य एक ही परिवार के बताए जा रहे है। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौक़े पर पहुंच गई और रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया। फ़िलहाल चारों शवों को मलबे से निकाल लिया गया है। और बाकी 3 घायलों को थराली के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है , जिसमे से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें देहरादून या किसी अन्य बड़े अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
थराली के पटवारी चंद्रसिंह बुटोला ने बताया कि पैनगढ़ गांव के ऊपर लगातार हो रहे भूस्खलन से भारी मात्रा में मलबा गिर रहा हैं। एक भारी बोल्डर चट्टान से निकलकर रिहायशी इलाक़े के ऊपर गिर गया। जिससे बोल्डर की चपेट में आने से एक मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें रहने वाले चार लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई है।वहीं, अन्य तीन लोगों को रेस्क्यू टीम ने मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मलबे के गिरने से दो अन्य घरों को भी काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद राजस्व पुलिस की टीम पैनगढ़ गांव पहुंची। जहां पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। इनमें देवानंद (57) पुत्र माल दत्त सती, बचुली देवी पत्नी माल दत्त सती (75), घनानंद पुत्र माल दत्त सती (45),सुनीता देवी (37) पत्नी घनानंद शामिल हैं।
उत्तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा, 4 लोगों की मौत

