अगले दो दिन हरिद्वार के इन इलाकों में रहेगा बिजली-पानी का संकट

हरिद्वार की उपनगरी ज्वालापुर के निवासियों को दो दिन बिजली पानी की समस्या झेलनी पड़ेगी। कुम्भ 2021 के लिए अगले दो दिन ज्वालापुर से अखाड़ों की पेशवाई के चलते बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।
विदित है कि कुम्भ के दौरान साधु संतों के अखाड़ों की पेशवाई ज्वालापुर नगरी से निकाली जाती है। इसके लिए गुघाल मंदिर परिसर में जूना अखाड़े के नागा साधुओं का नगर प्रवेश मंगलवार को ही हो गया था।
गुरुवार को जूना अखाड़ा व शुक्रवार को पंच अग्नि व आह्वाहन अखाड़े की पेशवाई निकाली जाएगी। पेशवाई गुघाल मंदिर से प्रारंभ होकर पांवधोई, चौक बाजार, कटहरा बाजार, रेल चौकी, दुर्गा चौक होकर हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगी।
इसको देखते हुए पेशवाई रुट पर अखाड़ों के लंबे ध्वजों के कारण बिजली के तारों को काटा जाएगा। बिजली विभाग के जेई ने बताया कि गुरुवार व शुक्रवार को पांवधोई, चौक बाजार, पीठ बाजार, हज़्ज़ावान, कस्सावान, कटहरा बाजार, आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली न होने के कारण कुछ जगहों पर पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *