हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कंडाघाट के निकट आज देररात पहाड़ी फिसलने से कालका-शिमला नेशनल हाईवे को तत्काल बंद किया गया है। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप है। आम लोगों समेत बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन हाईवे में फसे हुए हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही,फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी की ओर से मार्ग को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। हाईवे पर भूस्खलन करीब सवा नौ बजे हुआ। इसके बाद हाईवे पर शिमला और कालका की तरफ से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंच गई है। मार्ग को खोलने का कार्य किया जा रहा है।
किन्नौर में वांगतू-काफनू संपर्क सड़क तीसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाई है। भारी भूस्खलन होने से भावावैली की तरफ यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। मार्ग बाधित होने से क्षेत्र की पांच पंचायतों का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। लोक निर्माण विभाग और जेएसडब्ल्यू प्रबंधन की आधा दर्जन के करीब मशीनें और मजदूर बाधित मार्ग को बहाल करने में जुटे हैं।

