वॉशिंगटन : भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स एक बार फिर अंतरिक्ष में जाने के लिए कमर कस चुकीं हैं । इस बार उनके साथ बुच विल्मोर भी जाएंगे। नासा के दो अनुभवी अंतरिक्ष यात्री बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान में सवार होकर अंतरिक्ष जाने के लिए पूरी तरह तैयारी कर चुके हैं। यह पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष यान होगा, जो सात मई को उड़ान भरेगा और नासा की मानें तो, यूनाइटेड लॉन्च अलायंस एटलस वी रॉकेट और बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान सात मई की सुबह आठ बजकर चार मिनट पर कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाएगा।
इस अनोखे मौके पर सुनीता विलियम्स ने मीडिया कर्मियों से कहा कि वह थोड़ी सी घबराई हुई हैं। लेकिन नए अंतरिक्ष यान में उड़ान भरने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘जब मैं अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचूंगी, तो यह घर वापस जाने जैसा होगा।’

