मुंबई : भारत अगले 5 सालों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा ,ऐसा कहा है जाने-माने अर्थशास्त्री अरविंद पनगड़िया ने। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत अब विश्व मार्केट में तेज़ी से अपनी जगह बना रहा है तो मुझे भरोसा है कि 2027-28 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष और कोलंबिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर पनगड़िया ने कहा कि मौजूदा समय में भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। और जल्द ही यह विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
पनगड़िया ने कहा कि उनके अनुमान का आधार वे सुधार हैं, जो कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए और साथ ही अर्थव्यवस्था की कमजोरियों को दूर किया गया। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले कई सालों तक निश्चित ही सबसे तेजी से वृद्धि करने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था होगा. पनगड़िया ने अनुमान जताया कि भारत अगले कुछ ही सालों में करीब सात फीसदी की वृद्धि दर निश्चित तौर पर हासिल करेगा और अगर अर्थव्यवस्था को थोड़ा और मज़बूत किया जाए तो 8 फीसदी की वृद्धि दर आसानी से हासिल हो सकेगी।
जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत : अरविन्द पनगड़िया

