देहरादून: चारधाम यात्रा करने आने वालों के लिए उत्तराखंड सरकार ने खुशखबरी दी है। जिसके चलते कल से (शनिवार) चारधामों के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगें। प्रदेश सरकार ने आज (शुक्रवार) चारधाम यात्रा की मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। जिसके चलते कल 18 सितम्बर दिन शनिवार से केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में आम जनता के लिए दर्शन को खोले जा रहे हैं। यात्रियों को पंजीकरण करने के बाद ई-पास जारी किए जाएंगे। जिसके बाद ही वो दर्शन करने जा सकेंगें। राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों को स्मार्ट सिटी पोर्टल पर भी अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना होगा। कोरोना संक्रमण के खतरे के मद्देनज़र कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के 15 दिन के बाद प्रमाण पत्र दिखाना होगा तभी श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति मिलेगी,लेकिन केरल, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से आने वाले यात्रियों को दोनों डोज लगवाने के बाद 72 घंटे पहले की कोविड जांच निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। सचिव धर्मस्व हरिचंद्र सेमवाल ने चारधाम यात्रा की एसओपी जारी की है। इस बीच चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने भी एसओपी जारी कर दी है। यात्रा में राज्य और बाहर से आने वाले यात्रियों को शर्तों के आधार पर इजाजत मिलेगी। चारों धाम के दर्शन करने के उपरान्त यात्रियों को सबसे पहले देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। जिसके बाद देवस्थानम बोर्ड की ओर से सीमित संख्या में प्रतिदिन ई-पास जारी किए जाएंगे।
कल(शनिवार) से शुरू होगी चारधाम यात्रा,ई पास ज़रूरी

