जैसलमेर: भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी को रिश्वत लेने के मामलें में आज गिरफ्तार कर लिया गया है। जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक डॉ अजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने एसबीआई के पूर्व चेयरमैन को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बता दें कि प्रतीप चौधरी को जैसलमेर के एक होटल की बिक्री में धांधलेबाज़ी करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें दिल्ली स्थित उनके आवास से जैसलमेर की पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। साल 2008 में राजस्थान के जैसलमेर में गोदावन ग्रुप होटल को लोन देने के बदले में प्रतीप चौधरी ने 24 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी।
एसबीआई ने प्रतीप चौधरी की गिरफ्तारी के बाद एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया है कि वर्ष 2007 में स्टेट बैंक ने जैसलमेर में गढ़ रजवाड़ा होटल प्रोजेक्ट को फाइनेंस किया था । तीन साल से ज्यादा समय बीत जाने पर भी इस प्रोजेक्ट पर कुछ काम नहीं हुआ। जिसके बाद जून 2010 में इस अकाउंट को एनपीए में डाल दिया गया। इसके बाद भी कंपनी ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के कई प्रयास किये, लेकिन प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पाया।बैंक ने कहा है कि इसके बाद बैंक ने लोन को रिकवर करने के प्रयास शुरू किये. इसके तहत बैंक की नीतियों के अनुरूप वर्ष 2014 में एक रिकवरी कंपनी को बैंक की बकाया राशि की वसूली का काम सौंपा गया। लेकिन रिकवरी नहीं हो पाई। इसके बाद एसबीआई ने जनवरी 2014 में इस प्रॉपर्टी की बिक्री का काम शुरू किया जो मार्च 2014 में पूरा हुआ। एसबीआई ने यह भी कहा है कि आगे की जांच में बैंक पूरी मदद करेगा। और इस केस से जुड़ी सारी जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

