नई दिल्ली : बीती देर रात दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में जबरदस्त भूकंप के झटके महसूस किए गए। दो बार में तेज झटके लगने से कई इलाकों में लोग दहशत में आ गए। लोग घरों से बाहर निकल पहुंचे। भूकंप के झटके देर रात 1.58 बजे महसूस किए गए। कुछ रुक कर दो बार झटके लगने से नींद में सोए लोग भी जाग खड़े हुए । वहीं भूकंप का केंद्र रहे नेपाल में छह लोगों की मौत भी हुई है। खबरों की मानें तो,डो टी जिले में एक घर गिरने से इन लोगों की मौत हुई है। यह भूकंप ही है इसे कनफर्म करने के लिए लोगों के फोन घुमाने शुरू कर दिए। जानकारों के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 6.3 से अधिक थी। दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास के जिलों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक इसका केंद्र नेपाल के मणिपुर में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। बता दें कि उत्तर भारत में महज पांच घंटे के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। इससे पहले मंगलवार रात आठ बजकर 52 मिनट पर लखनऊ समेत यूपी के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। वहीं एनसीआर के फरीदाबाद, गुरुग्राम, ग्रेटर नोएडा में भी झटके महसूस हुए। इस दौरान कई जगह से लोगों के बेड तक हिलने की खबर आई।

