राममंदिर निर्माण के साथ शिखर पर स्थापित होने वाले कलश व धर्मध्वज को लेकर भी मंथन शुरू कर दिया गया है। राममंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर में 211 फीट ऊंचा धर्मध्वज लहराएगा। इसके लिए विशेष धर्मध्वज दंड अहमदाबाद से निर्मित होकर आया है। तेज आंधी व तूफान में धर्मध्वज इधर-उधर न हिले, इसको लेकर इंजीनियर खास संरचना कर रहे हैं।
यह धर्मध्वज अहमदाबाद की अंबिका इंजीनियरिंग कंपनी में बनकर तैयार हुआ है। यह कंपनी करीब आठ दशक से शास्त्रों के मुताबिक़, धर्मध्वज दंड बनाती आ रही है। पीतल से बना यह स्तंभ 44 फीट लंबा है। इसकी चौड़ाई 9.5 इंच है। वजन 55 क्विंटल है। 20-20 फीट लंबे छह धर्मध्वज दंड और आए हैं। चंपत राय ने बताया कि राममंदिर में ब्रह्मांड की भी ऊर्जा पहुंचे, धर्मध्वज दंड निर्मित कराया गया है। धर्मध्वज दंड की लंबाई 44 फीट है, इसके ऊपर कई कलश लगेंगे,मंदिर का शिखर 161 फीट है।

