देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए शिक्षा निदेशालय में काउंसलिंग शुरू हो चुकी है। शिक्षा निदेशक महावीर सिंह बिष्ट ने बताया है कि पहले दिन 350 शिक्षकों की काउंसलिंग हुई। जो शिक्षक छूट गए हैं, उनकी मेरिट के आधार पर आज बुधवार को काउंसलिंग की जाएगी। प्रदेश के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों के 827 पद पिछले काफी समय से रिक्त पड़े हैं।
इन सभी खाली पदों में प्रवक्ताओं के 543 एवं अन्य सहायक अध्यापक एलटी के पद शामिल हैं। शिक्षा निदेशक ने कहा, प्रवक्ताओं के पदों पर शिक्षा निदेशालय में काउंसिलिंग हो रही है। सहायक अध्यापक एलटी के लिए आज दोनों अपर शिक्षा निदेशक कार्यालयों में काउंसिलिंग होगी। शिक्षा निदेशक ने कहा, काउंसिलिंग के बाद शिक्षकों की विभिन्न अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में तैनाती होगी। शिक्षा निदेशालय में काउंसिलिंग के लिए सुबह आठ बजे से ही शिक्षकों के पहुँचने का सिलसिला जारी था।

