सीएम योगी पहुंचे देवरिया , कई योजनाओं का किया शिलान्यास

देवरिया : यूपी के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ आज देवरिया पहुंचे हैं। यहां उन्होंने पूर्व विधायक स्व. रघुराज सिंह की मूर्ति का अनावरण किया , और साथ ही कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की।यहां एक सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज बने जो कि एक सपने की तरह है। हमारी सरकार ने जनता के हर सपने को पूरा किया है। साथ ही उन्होंने उन्होंने सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अगर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पहिए लगे होते, तो इस कॉलेज को भी समाजवादी पार्टी और बसपा वालों ने बेच दिया होता. जैसे इन सरकारों ने यहां की चीनी मिलों को बेचा था।

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारें जनता के साथ नहीं दंगाईयों के साथ खड़ी थी। साढ़े चार साल में हमारी सरकार में कोई दंगा नहीं हुआ है। माफियाओं पर नकेल कसी जा रही है। और इस सख्ती का सपा-बसपा और कांग्रेस के लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले इलाज के लिए यहां की जनता को दिल्ली जाना होता था। लेकिन अब गोरखपुर में एम्स बन गया है। और अगले महीने पीएम मोदी गोरखपुर एम्स का उद्घाटन करेंगे। 2012 से लेकर 2017 के बीच आपने इस क्षेत्र से सपा जीती थी। क्या 2012 से लेकर 2017 के बीच बिजली मिलती थी? सड़कें बनी थीं ? ये लोग विकास विरोधी है। और अब हमारी सरकार के आने के बाद सभी को बिना भेदभाव के बिजली मिल रही है। 2017 के पहले क्षेत्र में खाद्यान्न माफियाओं का बोलबाला था , 2017 के पहले गरीब को अनाज नहीं मिलता था. आज सबको सामान रूप से राशन मिल रहा है। और पिछली सरकारों को सिर्फ अपना घर भरने की आदत थी।