उत्तरकाशी : आज श्रद्धलुओं में ख़ुशी की लहर है,क्यूँकि आज चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। आज मंगलवार को हर हर गंगे, जय मां गंगे के जयकारों के साथ मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए। प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यहां कपाटोद्घाटन के दौरान मौजूद रहे। कपाट खुलने के साथ ही धाम में सबसे पहली पूजा पीएम मोदी के नाम से कराई गई। कपाटोद्घाटन के मौके पर सीएम धामी ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा ऐतिहासिक होगी।
कोरोना महामारी के कारण बीते दो साल के बाद चारधाम यात्रा पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रही है। वर्ष 2020 व 2021 में चारधामों के कपाट खुलने से पहले कोरोना की पहली व दूसरी लहर में संक्रमण चरम पर था। जिससे कपाट खुलने के बाद भी बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं के बिना सन्नाटा था।
सरकार को भी इस बार चारधाम यात्रा के ऐतिहासिक होने की उम्मीद है। लेकिन भारी संख्या में तीर्थ यात्रियों के आने से व्यवस्थाओं को लेकर सरकार के सामने चुनौती भी है। अक्षय तृतीया पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट दर्शन के लिए खुल गए हैं।

