Breaking News: दलेर मेहंदी को कोर्ट से राहत,सज़ा पर लगी रोक

पटियाला : कबूतरबाजी मामले में मशहूर गायक दलेर मेहंदी को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। हाई कोर्ट ने निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सजा पर रोक लगा दी है। बता दें कि जुलाई महीने में पटियाला के सेशन जज ने दलेर मेहंदी की सजा के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके बाद उनको जेल जाना पड़ा था ।

करीब 19 साल पुराने मानव तस्करी मामले में पटियाला की कोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद इस फैसले के खिलाफ दलेर मेहंदी ने पटियाला के सेशन कोर्ट में अपील दायर कर फ़ैसले को चुनौती दे दी थी।
इस मामलें में चार साल चली सुनवाई के बाद सेशन जज ने जुलाई में दलेर मेहंदी की अपील को खारिज कर उन्हें सुनाई गई सजा को बरकरार रखा था। अपील खारिज किए जाने के इसी फैसले के खिलाफ अब दलेर मेहंदी ने हाई कोर्ट में पिटीशन दायर कर इसे चुनौती दे दी थी। पटियाला के एडिशनल सेशन जज ने इसी साल 14 जुलाई को दलेर मेहंदी की सजा के खिलाफ दायर अपील को खारिज किया था। सजा खारिज किए जाने के बाद दलेर मेहंदी को गिरफ़्तार किया गया था । फ़िलहाल वह पटियाला जेल में बंद हैं।