अमरोहा : अमरोहा के गजरौला में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुष्कर्म के आरोपियों को टिकट देती हैं और उन्हें विधायक बनाए देती है। भला हो न्याय पालिका का, जिसके चलते उत्तर प्रदेश में भाजपा के विधायकों पर कार्रवाई हुई। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने की रणनीति बनाई। रविवार की रात कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गजरौला में पहुंचे। यहां पर एक पैलेस में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा दुष्कर्म के आरोपियों को टिकट देती है। उनको जिताकर विधानसभा में भेजती है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के कई विधायक आपराधिक गतिविधियों में हैं।
न्यायपालिका ने अपना डंडा चलाया। जिसके चलते दुष्कर्म के आरोपी विधायक की सदस्यता चली गई। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही लोगों को जोड़ने के लिए यूपी जोड़ो यात्रा निकाली गई। जिसकी शुरुआत 20 दिसंबर को सहारनपुर से की गई। इस दौरान विदित चौधरी, जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया, रिजवान कुरैशी, शिव पांडे, मकसूद आदि मौजूद रहे।

