कैसरगंज : कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी करणभूषण सिंह के तेज रफ्तार गाड़ियों के काफिले ने तीन लोगों को रौंद दिया है। जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई है। एक अन्य महिला की हालत बेहद खराब है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।
हादसा करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर छतईपुरवा स्थित बैकुंठ डिग्री कालेज के करीब आज बुधवार की सुबह हुआ। दुर्घटना के बाद स्कोर्ट में चल रही फारच्यूनर गाड़ी छोड़कर मौके से बाकी लोग भाग निकले। सूचना पाते ही गांववालों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर विरोध के साथ-साथ आक्रोशित लोगों ने गाड़ी फूंकने की कोशिश भी की। इस हादसे के बाद कटराबाजार, परसपुर, कौड़िया व करनैलगंज थाने की पुलिस फोर्स ने सभी कुछ काबू में लिया। करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। एसडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ करनैलगंज व सीओ सिटी के सामूहिक प्रयास और मुकदमे के आश्वासन के बाद आक्रोशितों ने जाम हटाया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के भीतर सभी एयरबैग खुल गये। यह वाहन नंदिनी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के नाम पंजीकृत है। काफिला करनैलगंज से हुजूरपुर की तरफ जा रहा था जबकि बाइक सवार युवक करनैलगंज आ रहे थे।उसके बाद मौके पर खड़ी फारच्यूनर गाड़ी को फूंकने का प्रयास किया गया। गाड़ी पर पुलिस स्कोर्ट लिखा है और काफिले में यह साथ चल रही थी। भारी संख्या में पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत करने का प्रयास किया। महिला गंभीर रूप से घायल है, उसे मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया गया है।

