अधिक बारिश की वजह से नदियाँ उफान पर हैं। इसी बीच लामबगड़ नाला उफान पर आने के कारण बीते दिन शुक्रवार से बंद बदरीनाथ हाईवे 22 घंटे बाद शनिवार आज दोबारा खोला गया है। शुक्रवार को हाईवे का कुछ हिस्सा बह गया था। उस पर बड़े-बड़े पत्थर और बोल्डर अभी भी हैं। जिसके चलते हाईवे तो खुल गया लेकिन यात्री जोखिम उठाकर आना जाना हो रहा है।
खचड़ा और लामबगड़ नाले में उफान आने से बंद हाईवे के दोनों ओर शाम तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। पुलिस ने करीब 650 तीर्थयात्रियों को जगह-जगह रोक लिया था। वहीं, आज दोपहर हाईवे खुलने के बाद पांडुकेश्वर से यात्रियों के करीब 100 वाहन बदरीनाथ धाम के लिए रवाना किए गए है। अगले 48 घंटे के भीतर मैदान से लेकर पहाड़ तक झमाझम बारिश की संभावना है। लामबगड़ नाला क्षेत्र में हाईवे खोल दिया गया है। वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। वाहनों को एहतियात के साथ चलने के लिए कहा गया है। स्थानीय लोग सड़क खोलने में लगी जेसीबी मशीन की बकेट में बैठकर सड़क पार कर रहे हैं।

