लखनऊ : सपा नेता आजम खां के जौहर ट्रस्ट के कब्जे से शिक्षा विभाग की 41181 वर्ग फीट जमीन मुक्त कराने का आदेश शासन ने जारी किया है। इस जमीन पर आजम खां ने रामपुर पब्लिक स्कूल गर्ल्स विंग और सपा कार्यालय बनाया है। बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन को इस संबंध में अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार का पत्र मिला है।
आदेश मिलने के बाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सीडीओ की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी गठित हुई है। प्रशासन शुक्रवार को नोटिस जारी कर सकता है। सीएम योगी की अध्यक्षता में बीते दिन मंगलवार को कैबिनेट की मीटिंग हुई थी, जौहर ट्रस्ट को शर्तों के उल्लंघन के चलते 30 साल की लीज पर दी गई माध्यमिक शिक्षा विभाग की जमीन को वापस लेने की बात कही गई है। कैबिनेट से इस फैसले का प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इस संबंध में बीते दिन गुरूवार को आदेश जारी कर दिया गया है। अब गठित कमेटी प्रकरण में जमीन को कब्जा मुक्त कराएगी। अब नोटिस जारी होगी।

