लखनऊ : विधानसभा चुनाव पास ही हैं और अभी भी नेताओं के फेरबदल का दाव जारी है। इस बार सभी राजनैतिक पार्टियों ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव अब बेहद नजदीक आ चुके हैं। दल बदलने का सिलसिला भी तेज हो चुका है। राजनीतिक पार्टियों ने प्रत्याशियों के नामों का भी एलान करना शुरू किया है। इन सबके साथ राजनीतिक नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी निकलकर सामने आ रही है।
इसी कड़ी में आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य दलों के साथ बैठक हुई। जिसके बाद सपा की ओर से गठबंधन के पहले उम्मीदवार का भी आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आज बुधवार को एनसीपी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे। इसके बाद समाजवादी पार्टी ने ट्वीट करके जानकारी दी कि एनसीपी नेता केके शर्मा बुलंदशहर की अनूपशहर विधानसभा सीट से सपा-एनसीपी गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी होंगे।
शिवपाल और राजभर के बेटे उतरेंगें मैदान में –
आज लखनऊ में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सपा के अन्य सहयोगी दलों के साथ बैठक भी की। इस बैठक में सहयोगी दलों के नेताओं ने अपने उम्मीदवारों के नाम रखे। ख़बरों की मानें तो, बताया जा रहा है कि शिपवाल यादव के बेटे आदित्य यादव, ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर और केशव देव मौर्य के बेटे चंद्रप्रकाश सिंह मौर्य भी इस बार का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
14 जनवरी को सपा में शामिल होंगें स्वामी –
दो दिन पूर्व ही भाजपा सरकार छोड़ चुके कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या अब आगामी 14 जनवरी को सपा पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल किए जाएंगें। योगी मंत्रीमंडल से इस्तीफा देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने ये खुद बताया है कि वो 14 जनवरी को सपा ज्वाइन करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं 14 जनवरी को समाजवादी पार्टी ज्वाइन करूंगा। मेरे पास अब तक भाजपा के किसी भी छोटे या बड़े नेता का कोई फोन नहीं आया है। अगर वो समय पर सतर्क हो जाते और जनता के मुद्दों पर काम करते तो भाजपा को ये दिन नहीं देखना पड़ता।

