श्री सम्मेद शिखरजी के लिए अनशन पर बैठे एक और जैन मुनि का निधन

जयपुर: श्री सम्मेद शिखरजी को पर्यटन स्थल घोषित करने के झारखंड सरकार के फैसले के खिलाफ अनशन कर रहे आज एक और जैन मुनि का जयपुर में निधन हो गया।राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद्र जैन ने बताया कि समर्थ सागर मुनि पांच दिन से अनशन पर थे,वह 74 वर्ष के थे। आज सुबह करीब दो बजे उनका निधन हो गया। यह मुनि जयपुर के सांगानेर इलाके में संघीजी मंदिर में अनशन कर रहे थे। सुभाष चंद्र जैन ने कहा कि झारखंड सरकार के फैसले के विरोध में अनशन करते हुए महाराज समर्थ सागर का निधन हो गया। मंगलवार को सुज्ञेयसागर महाराज का निधन हो गया था।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने झारखंड में जैनियों के धार्मिक स्थल ‘सम्मेद शिखरजी’ से संबंधित पारसनाथ पहाड़ी पर सभी प्रकार की पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी और झारखंड सरकार को इसकी देखभाल के लिए निर्देश दिए थे ।
बता दें कि झारखंड के गिरिडीह जिले में पारसनाथ पहाड़ी पर स्थित सम्मेद शिखरजी जैन समुदाय का सबसे बड़ा तीर्थस्थल है। जैन धर्मके अनुयायी पारसनाथ पहाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में नामित करने वाली झारखंड सरकार की 2019 की अधिसूचना को रद्द करने की मांग कर रहे है ।