सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का आज 80वां जन्मदिन ,पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

नई दिल्ली : सदी के महानायक अमिताभ बच्चन आज अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से उनके फैन्स उन्हें बधाई संदेश भेज रहे हैं। इंडस्ट्री की हस्तियों भी उन्हें शुभकामनाएं भेज रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिग बी को उनके जन्मदिन पर नोट लिखकर शुभकामनाएं दी है। वहीं अमिताभ बच्चन ने उनके ट्वीट का रिप्लाई करते हुए आभार प्रकट किया है. प्रशंसक भी उनके ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने अमिताभ बच्चन को बधाई देते हुए कहा, ‘‘अमिताभ भारत की सबसे उल्लेखनीय फिल्म हस्तियों में से एक हैं, जिन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया और उनका मनोरंजन किया है. वह एक लंबा और स्वस्थ जीवन जिएं.” उम्र के इस दौर में भी अमिताभ व्यस्तम अभिनेताओं में से एक हैं। साल-दर-साल उनके सफल शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के अलावा हिंदी फिल्म उद्योग में आज भी उनकी मांग बनी हुई है।
पीएम मोदी के ट्वीट पर आभार प्रकट करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा, ”परम आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी, आपकी शुभकामनाओं के लिए मैं आभार प्रकट करता हूं. आपके आशीर्वाद रूपी शब्द, मेरे लिए सदा प्रेरणा का स्त्रोत रहेंगे. प्रणाम.’
बता दें कि, अमिताभ बच्चन ने फिल्म उद्योग में अपने दशकों लंबे करियर में कई पुरस्कार और प्रशंसा अर्जित की है। उन्होंने पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 15 फिल्मफेयर पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में कई पुरस्कार जीते हैं। भारत सरकार ने उन्हें 1984 में पद्म श्री, 2001 में पद्म भूषण और 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया। इसके बाद साल 2018 में उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।