गोरखपुर/मथुरा : गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में सुरक्षाकर्मियों के ऊपर हुए आतंकी हमले के बाद कृष्ण की नगरी मथुरा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है. सोमवार शाम को एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार सिंह ने श्री कृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को परखा, जिसके बाद मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की। उनके आदेश पर पुलिस ने पूरे शहर में चेकिंग अभियान चलाया। जन्मभूमि के आसपास भी चेकिंग की गई। एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार सिंह सोमवार शाम को मथुरा पहुंचे। यहां पर वह सबसे पहले श्री कृष्ण जन्मभूमि पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जन्मभूमि पर और सतर्कता बरतें। उसके बाद वह द्वारकाधीश मंदिर भी पहुंचे और यहां भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार के निर्देश पर पुलिस ने जिले भर में स्थित धार्मिक स्थल और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। वहीं एसपी सुरक्षा आनंद कुमार ने श्री कृष्ण जन्मभूमि के यलो जोन में अपने सामने ही चेकिंग शुरू कराई और मथुरा वृंदावन में भी चेकिंग की गई। करीब एक घण्टे तक श्री कृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह मस्जिद पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम पहुंचे , यहां एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।
गोरखनाथ मंदिर की घटना के बाद मथुरा में अलर्ट

