यूपी विस चुनाव के चौथे चरण के मतदान का प्रचार थमा, 23 फ़रवरी को है मतदान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के लिए आज शाम 6 बजे से प्रचार थम गया है। चौथे चरण के चुनाव में 624 उम्मींदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हैं, और कुल 2.13 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चौथे चरण में 9 जिलों की 59 सीटों पर 23 फरवरी को मतदान है। इस चरण की 59 सीटों में से भाजपा ने 2017 में 51 सीटें जीती थी। वैसे देखा जाए तो भाजपा के सामने अपने किले को बचाने की सबसे बड़ी चुनौती है।यूपी चुनाव में किसानों की नाराजगी, धुव्रीकरण, जाट और यादवलैंड होते हुए संग्राम चौथे चरण में गन्ने की धरती पर पहुंचा है. गन्ने की धरती में चार जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और हरदोई हैं. इसके अलावा उन्नाव, फतेहपुर, बांदा में भी चौथे चरण में मतदान होंगे।कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की संसदीय सीट रायबरेली में भी इसी फेज में मतदान है. इसके अलावा राजधानी लखनऊ की नौ सीटों पर भी वोटिंग होगी। इस चरण में बीजेपी और सपा के बीच सीधी टक्कर की बात कही जा रही है।


चौथे चरण में जिन जिलों में मतदान होना है,उनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा, फतेहपुर ज़िले शामिल हैं।चौथे चरण में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इसमें लखनऊ कैंट से कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, ईडी से नौकरी छोड़ आए राजेश्वर सिंह, सपा सरकार में मंत्री रहे अभिषेक मिश्रा और रविदास मल्होत्रा मुख्य हैं। इसके साथ रायबरेली से हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुई अदिति सिंह भी शामिल हैं।