आज लखनऊ से नई दिल्ली, बंगलुरु, गोवा, कोलकाता और मुंबई तक आवाजाही अब आसान हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार को नई दिल्ली, बंगलुरु और गोवा के लिए एयर एशिया की नई उड़ान सेवा को हरी झंडी दी,और कोलकाता और मुंबई की फ्लाइट अगले माह से शुरू की जाएगी। सीएम योगी ने बेहतर कनेक्टिविटी को विकास की गति तेज करने का सहज माध्यम बताते हुए यूपी को कनेक्टिविटी के लिहाज से सर्वोत्तम प्रदेश तैयार करने की बात कही। वहीं प्रदेश में हवाई सेवा को बेहतर करने की मुख्यमंत्री योगी की कोशिशों की प्रशंसा करते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई हवाई सेवाओं के लिए लखनऊ को शुभकामनाएं दी हैं।
इसके अलावा आज शुक्रवार को लखनऊ में चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डा, परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने तीन शहरों के लिए एयर एशिया की उड़ान सेवाओं की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ की गई ‘उड़ान’ योजना का उत्तर प्रदेश ने अत्यधिक लाभ प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने हवाई चप्पल पहनने वाले आम आदमी के हवाई उड़ान का सपना देखा था, उत्तर प्रदेश में बेहतर होती हवाई सेवाएं, इस स्वप्न के साकार होने जैसी हैं। आपको बतादें कि सिर्फ लखनऊ में पांच साल से पहले जहां 15 शहरों तक उड़ान की सेवा थी, आज से 30 से ज्यादा शहरों के लिए फ्लाइट चल रहीं हैं। सीएम योगी ने कहा कि विकास की गति को तेज करने में कनेक्टिविटी का बड़ा हिस्सा है।

