एम्स में ‘विश्व फार्मासिस्ट दिवस’ के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम आयोजित

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में फार्माकोलॉजी विभाग व केंद्रीय फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर फार्मासिस्टों से कोविड महामारी के दौर में मरीजों की सेवा तत्परता से करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के तहत फार्मेसी में विशिष्ट सेवाओ में अव्वल प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने कहा कि फार्मासिस्ट्स को कोविड-19 के समय एक योद्धा की तरह ज्ञान और अनुभव के आधार पर सदैव तैयार रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है जिसने भी ज्ञान और समय का सकारात्मकता से सही उपयोग किया है वही हमेशा विजेता बन कर उभरे हैं।उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित है कि आज जो कोरोना वायरस रूपी इस वैश्विक महामारी से युद्ध है, इसमें हरहाल में जीत मेडिकल वर्कर्स की ही होगी।
प्रो मनोज गुप्ता ने कहा कि एम्स जैसे संस्थान में कोविड-19 के समय में फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। लिहाजा ऐसे संकट के समय हमारे लिए मरीज की सेवा ही प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम इस बीमारी से तभी मुकाबला कर सकते हैं जब हम चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नए नए अनुसंधानों से हमेशा अपडेट रहें।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह ने कहा कि फार्मेसी विभाग किसी भी संस्थान का मुख्य अंग होता है। हमें अन्य सभी संस्थानों से सीखकर अपनी चिकित्सकीय गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर देना होगा और सकारात्मक सोच व ईमानदारी से आगे बढ़ना ही हमारी प्रतिबद्धता होनी चाहिए।
फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्र हांडू ने एम्स में स्थापित केंद्रीय फार्मेसी की एक वर्ष की प्रगति व आने वाले लक्ष्यों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हम तकनीक और पारदर्शिता को अपने कार्य में सम्मलित कर एक सुदृढ़ व्यवस्था का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो.ब्रिजेन्द्र सिंह व संचालन डा. गौरव चिकारा ने किया।
इस अवसर पर रंगोली कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें उम्दा प्रदर्शन के लिए कृतिका, हिमानी, बबीता, दिव्या, कल्पना, नवल डिमरी, सत्य सिंह, विजय नेगी व श्रीयांश जैन को सम्मानित किया गया, साथ ही अपनी अहम भूमिका के लिए विभाग की ओर से रवि रजक व खुशीराम बलूनी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डा. पुनीत धमीजा, डा. साजिया हसन, जितेंद्र शर्मा, संगीता बिष्ट, मीनाक्षी, हिमानी सिंह, संजय कुमार, विकास सिंह, राजीव कपिल, काजल, प्रमोद, लक्ष्मी, आरती, विजयपाल, अनुराग, कुलदीप, अनिल मटियाल, सचिन कंडारी, यशवंत नेगी, आरती आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *