देहरादून : इस बार उत्तराखंड राज्य के विश्वविद्यालय और उनसे संबद्ध 119 कॉलेजों में बिना प्रवेश परीक्षा दिए ही दाखिले होंगें। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस विषय में बताया है कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के उस निर्देश को स्थगित रखा है, जिसमें सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिले के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र से इस पर विचार किया जाएगा। आपको बतादें कि केंद्रीय विश्वविद्यालय और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूसीईटी) के आधार पर स्नातक में एडमिशन की तैयारी हो रही है। जो छात्र प्रवेश परीक्षा के आधार दाखिला नहीं पा सकेंगे उनके सामने विकल्प होगा कि वह राज्य विश्वविद्यालय एवं उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में दाखिला ले सकेंगे ।
उत्तराखंड सीयूसीईटी में शामिल नहीं होगा। महाविद्यालय शिक्षकों के मुताबिक यूजीसी की नई व्यवस्था के तहत दाखिले के लिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद प्रवेश परीक्षा होगी। प्रदेश के महाविद्यालयों में अभी इसकी कोई तैयारी नहीं है इसलिए यदि ये व्यवस्था अपनाई जाती तो दिक्कत भी होंगी।
जुलाई से होंगें प्रवेश-उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक जुलाई 2022 से नया शिक्षा सत्र शुरू होगा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. संदीप शर्मा के मुताबिक प्रदेश में 11 राज्य विश्वविद्यालय और 119 महाविद्यालय हैं। नए शिक्षा सत्र में छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया को लेकर शासन स्तर से निर्णय होना है।

