रूड़की के पीरान कलियर पहुंचा 150 पाकिस्तानी जायरीनों का जत्था

रूड़की : पाकिस्तान से उत्तराखंड के रूड़की के कलियर शरीफ़ में जायरीनों का एक जत्था आज सुबह 6 बजे लाहोरी एक्सप्रेस से सालाना उर्स में शामिल होने के लिए पहुंचा है। आज सुबह यह जत्था रूड़की रेलवे स्टेशन पहुंचा , जहां उनका स्वागत करने के लिए दरगाह प्रबंधक शफीक अहमद उर्स मेले कमेटी के संयोजक अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी पहले से ही मौजूद थे। उसके बाद सभी जायरीनों को उत्तराखंड सरकार की तरफ से स्पेशल लगाई गई रोडवेज़ की बसों में कलियर शरीफ़ तक लाया गया। बता दें कि आज चार साल बाद पाकिस्तान से जायरीनों का यह जत्था यहां 754 वें सालाना उर्स में शामिल होने पहुंचा है।

भारत पहुंचे पाक जायरीनों ने कहा कि हमें जो प्यार यहां आकर मिला है उसे हम कभी नहीं भूल पाएंगे , जत्थे के एक जायरीन ने कहा कि हम हर साल यहां आने की तमन्ना रखते हैं ,लेकिन कई कारणों से नहीं आ पाते हैं , और हम दोनों देशों की हुकूमत से अपील करते है कि वह भारत-पाक दोनों देशों की जनता के लिए रास्ता खोलें। और हम सभी जायरीन अल्लाह से यह दुआ करते है कि दोनों देशों के लोग मोहब्बत और भाईचारे को और ज्यादा मज़बूत करें।