पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के सीएम,विधायक दल की बैठक में लिया गया फ़ैसला

देहरादून : उत्तराखंड में चुनाव के बाद कौन होगा मुख्यमंत्री इस पर मंथन चल ,और आज हुई भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया कि पुष्कर सिंह धामी ही होंगे उत्तराखंड के अगले सीएम। भाजपा विधायक दल ने उन्हें अपना नेता चुन लिया है। केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में युवा पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। बता दें कि खटीमा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गये थे। इसके बावजूद केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें विधायक दल का नेता चुना। उत्तराखंड के पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी है।
भाजपा ने इस बार पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा था। इसलिए उत्तराखंड में शानदार जीत के बावजूद भाजपा जश्न नहीं मना पाई थी। जैसे ही धामी को विधायक दल का नेता चुने जाने का ऐलान हुआ, भाजपा कार्यालय में जश्न शुरू हो गया और पुष्कर सिंह धामी को बधाई देने वालों की भीड़ लग गई । वहीं उत्तराखंड के पर्यवेक्षक बनाए गए राजनाथ सिंह ने नवनिर्वाचित सीएम पुष्कर सिंह धामी को बधाई देते हुए कहा कि धामी जी ने अपने 6 महीने के कार्यकाल में अपनी क्षमता साबित की है , और मुझे पूर्ण विश्वास है कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चहुमुखी विकास होगा।